कोलकाता। नरेंद्र मोदी ने वेस्ट बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले राज्य की जनता के नाम एक पत्र और ऑडियो संदेश जारी कर मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। राज्य में दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मिले अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिए बंगाल की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य की युवाशक्ति, नारीशक्ति, किसान, श्रमिक और कारोबारी वर्ग सभी “विकसित बंगाल” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जो उन्हें नई ऊर्जा देता है।

मोदी ने पहले चरण के मतदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 23 अप्रैल को हुए मतदान में रिकॉर्ड 92.15 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो लोकतंत्र के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने दूसरे चरण में भी अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए इसे “लोकतंत्र के मंदिर में विजय की ध्वजा फहराने का अवसर” बताया।

प्रधानमंत्री ने “विकसित बंगाल” के अपने विजन को दोहराते हुए कहा कि यह केवल वादा नहीं, बल्कि “मोदी की गारंटी” है। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होकर राज्य के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब दूसरे चरण पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

You missed