Uttarakhand : उच्च शिक्षा विभाग के तहत सरकारी डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसरों में काम कर रहे गेस्ट फैकल्टी (अतिथि शिक्षकों) के वेतन में बढ़ोतरी का प्रस्ताव जल्द ही मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। इसके लिए विभाग के अधिकारियों को यूजीसी (UGC) के नियमों के मुताबिक प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के आदेश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को विधानसभा भवन के सभाकक्ष में विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश जारी किए। उन्होंने अवगत कराया कि राज्य के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय कैंपस में अलग-अलग विषयों में लगभग 400 अतिथि शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं।
फिलहाल इन शिक्षकों को करीब 35 हजार रुपये प्रति माह मानदेय मिल रहा है, जबकि लंबे समय से यूजीसी के तय मानदंडों के हिसाब से 57,700 रुपये मानदेय दिए जाने की मांग उठाई जा रही है। मंत्री का कहना है कि प्रदेश सरकार इस मांग पर संजीदगी से विचार कर रही है।
Uttarakhand : हॉस्टल्स का होगा सही इस्तेमाल
मंत्री ने विभाग के बजट को समय से खर्च करने और निर्माणाधीन कार्यों को तय अवधि में पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने कॉलेजों में बने छात्रावासों को सुचारू रूप से चलाने पर जोर दिया।
साथ ही, हॉस्टल के खाली रहने की स्थिति में वहां प्राध्यापकों और कर्मचारियों के ठहरने की अनुमति देने का सुझाव भी रखा गया। इसके अतिरिक्त, सरकारी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मुफ्त टैबलेट बांटने का प्रस्ताव भी शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read : News : अलर्ट! Play Store पर दिखने वाला ट्रेडिंग ऐप भी हो सकता है जाली, SEBI ने साझा किए बचाव के उपाय
