चमोली। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुविधा की कमी किस तरह लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है, इसका एक और उदाहरण चमोली जिले में सामने आया है। यहां सड़क नहीं होने के कारण एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के बीच करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में बच्ची को जन्म दे दिया। घटना के बाद जच्चा और नवजात को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। मंगलवार को दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मामला कर्णप्रयाग विकासखंड की ग्राम पंचायत गनोली के मोली तोक का है। यहां रहने वाली 24 वर्षीय गायत्री देवी को शनिवार शाम से प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। रविवार सुबह उनकी हालत को देखते हुए उनके पति, ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए निकले। लेकिन गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें करीब तीन किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ी।
परिजन और ग्रामीण महिला को लेकर मुख्य सड़क की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान लंगासू-मैखुरा सड़क पर स्वर्का के पास गायत्री देवी की प्रसव पीड़ा तेज हो गई और उन्होंने सड़क किनारे ही बच्ची को जन्म दे दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था की और महिला तथा नवजात को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार किया गया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर पर्वतीय गांवों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, गैन-कांचुला-सैंजकट्टा सड़क के करीब तीन किलोमीटर हिस्से को अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है। ग्राम प्रधान कुसुम देवी ने बताया कि ग्रामीण कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
वहीं, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि पीएमजीएसवाई-4 के तहत सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
