देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैणी-भुली योजना के माध्यम से बड़ा कदम उठाने जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना की पहली किस्त दिसंबर 2026 में लाभार्थियों के बैंक खातों में जारी की जाएगी। यह जानकारी ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बैणी-भुली योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर महीने में जारी होगी। हालांकि, प्रति लाभार्थी मिलने वाली सहायता राशि और पात्रता से जुड़े विस्तृत नियमों की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं की गई है।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों के निर्माण और स्वरोजगार जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सरकार का उद्देश्य उन्हें आर्थिक सहयोग देने के साथ आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग की ओर से स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

भरत सिंह चौधरी ने कहा कि बैणी-भुली योजना इन प्रयासों को और मजबूती देगी। इससे न केवल महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। सरकार का लक्ष्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।