देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर विवाद गहराता जा रहा है। दिवंगत अंकिता के माता-पिता ने उनकी निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने को लेकर पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनकी बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी रविवार देर शाम समाजसेवी योगिता भयाना के साथ देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक की गई और उसके आधार पर उनकी बेटी को लेकर कई बातें कही गईं।
बेटी की निजता सार्वजनिक करने पर जताई नाराजगी
थाने के बाहर अंकिता की मां सोनी देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी बेटी को न्याय दिलाने के बजाय उसकी निजी जिंदगी को सार्वजनिक किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी को कोई बात कहनी थी या किसी तथ्य को सामने रखना था तो उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाना चाहिए था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बेटी के चरित्र पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
वकील का लाइसेंस रद्द करने की मांग
समाजसेवी योगिता भयाना ने भी मामले में नाराजगी जताते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल वकील के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने वकील का बार लाइसेंस रद्द किए जाने की मांग उठाई। परिजनों ने पुलिस से शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेने और दोनों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड पहले से ही प्रदेश में संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है। निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अब परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
