हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए हरिद्वार में विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू कर दी है। रविवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य को लेकर मंथन किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, अरविंद मेनन और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दोपहर बाद बैठक में शामिल होंगे। उनके संगठनात्मक और राजनीतिक अनुभव से प्रदेश भाजपा के नेताओं को आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने में मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।

कार्यसमिति में पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बूथ, मंडल और जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही जनआशीर्वाद यात्रा और विधानसभा क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

भाजपा ने आगामी चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए तैयार करने में जुटी है। बैठक में राजनीतिक और आर्थिक प्रस्तावों के साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

हरिद्वार में हो रही यह बैठक भाजपा के लिए चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व इस दौरान आगामी चुनाव की तैयारियों को दिशा देने, संगठन की मजबूती सुनिश्चित करने और 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रणनीति तय करेगा।

You missed