देहरादून। उत्तराखंड में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने और प्रदेश की पोलियो मुक्त स्थिति बरकरार रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। 22 नवंबर से प्रदेश के चार जिलों में उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (SNID-2026) चलाया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के करीब 2.56 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अभियान में टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल जिले शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी एवं प्रभारी निदेशक डॉ. अमित शुक्ला की अध्यक्षता में 19 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे।
डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि 22 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 28 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
अभियान के लिए चारों जिलों में कुल 2,053 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1,466 बूथ पर्वतीय क्षेत्रों में और 587 बूथ मैदानी इलाकों में स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन बच्चों को पहले भी कई बार पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, उन्हें भी इस अभियान में दो बूंद अवश्य पिलाई जाएंगी।
अभियान के दौरान प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों, शहरी मलिन बस्तियों और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग भी सहयोग करेंगे। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूएनडीपी जैसी संस्थाएं भी अभियान में सहयोग देंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच साल तक के बच्चों को 22 नवंबर को नजदीकी पोलियो बूथ पर जरूर लेकर पहुंचें, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा अभियान से छूटने न पाए।
