Crime : बेंगलुरु के गिरिनगर क्षेत्र के वीरभद्रनगर इलाके में कबाड़ का काम करने वाला एक व्यक्ति सड़क के किनारे गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में बरामद हुआ है।

समाचार एजेंसी पीटीआई को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पीड़ित व्यक्ति की शिनाख्त सैयद एच के रूप में हुई है। यह दर्दनाक घटना गिरिनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 6 बजे उसे सड़क किनारे इस हालत में देखा, जिसके हाथ और पैर बंधे हुए थे।

Crime : किसी अज्ञात द्वारा आग लगाने की आशंका

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी अज्ञात हमलावर ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। सड़क किनारे उसे इस हालत में पड़ा देखकर स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे फौरन इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

Crime : ‘न घर-परिवार, सड़क पर ही गुजर-बसर करता था पीड़ित’

मामले की जानकारी साझा करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस शख्स का कोई परिवार या रिश्तेदार नहीं है और वह अमूमन सड़क के किनारे ही घूमता रहता था।

अधिकारी ने आगे कहा, ‘उसके पास न तो रहने के लिए कोई घर है, न मोबाइल फोन और न ही किसी प्रकार का पहचान पत्र। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, वह पहले काफी लंबे समय तक पादरायनपुरा इलाके में रहा करता था।’

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Also Read : News : सोनिया गांधी की पुस्तक के पेज 201 को लेकर छिड़ा विवाद, शिंदे गुट ने की महाराष्ट्र में प्रतिबंध की मांग, बोले- ‘Belonging of Jihad होना चाहिए शीर्षक’