देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने हरिद्वार जिले की खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को ही करना है।
दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हाल ही में उनकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी। यह मुलाकात काफी सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, दोनों नेताओं के साथ चुनाव लड़ने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई।
हरीश रावत ने कहा कि उनकी कोई पद पाने की महत्वाकांक्षा नहीं है। वह पहले भी अपनी इच्छा जाहिर कर चुके हैं, लेकिन यह फैसला प्रदेश कांग्रेस को करना है कि उन्हें चुनाव लड़ाना है या नहीं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार की खानपुर और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि वह एक बार फिर उनका प्रतिनिधित्व करें। इसी वजह से उनका इन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का झुकाव है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है तो वह मैदान में उतरेंगे। वहीं, यदि पार्टी उन्हें चुनाव नहीं लड़ाना चाहती है तो भी वह कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में हुई बैठक के दौरान उन्होंने उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए अपना रोडमैप राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा है। उनका लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कम से कम 45 सीटों पर जीत दिलाना है।
हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने और जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि वह जल्द ही एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। उनके इस बयान के बाद हरिद्वार जिले की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की संभावित चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
