Uttarakhand : उत्तराखंड में आगामी जनगणना का कार्य इस बार पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से संपन्न कराया जाएगा। इसके तहत, प्रदेश के नागरिकों के लिए 16 नवंबर से सेल्फ-एनुमेशन (स्व-गणना) की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिसके जरिए लोग घर बैठे मोबाइल से अपने परिवार का पूरा विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं।
इस प्रक्रिया के लिए 30 नवंबर तक की समय-सीमा तय की गई है। इसके पश्चात, 1 दिसंबर से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर ऑनलाइन भरी गई जानकारियों का सत्यापन करेंगे। इस बार की जनगणना की एक खास विशेषता यह है कि राज्य के हर एक मकान का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने के साथ उसकी जियो-टैगिंग भी की जाएगी।
स्व-गणना करने के लिए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाना होगा, जहाँ मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉग-इन किया जा सकता है। इस ऑनलाइन फॉर्म में परिवार से जुड़े कुल 40 प्रश्नों के उत्तर दर्ज करने होंगे।
इन सवालों में परिवार के सभी सदस्यों के नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शैक्षणिक योग्यता, रोजगार और पलायन जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले जनगणना निदेशालय ने इन सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और राज्यभर के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
Also Read : News : कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ शेयर करने पर देहरादून में FIR दर्ज
