News : भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को इंटरनेट पर झूठे व भ्रामक दावों के साथ प्रसारित करना कई लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। गलत कैप्शन और आपत्तिजनक टिप्पणियों के माध्यम से वीडियो फैलाकर सांसद की मान-प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के मामले में देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा कायम किया गया है।

पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ आईटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द शिनाख्त कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 16 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने राजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में उल्लेख किया कि राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में कंगना रनौत द्वारा पूजा करने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर चलाया जा रहा है।

इस पुराने वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया प्रोफाइल्स से भ्रामक पोस्ट, रील्स, कैप्शन और कमेंट्स के जरिए फैलाया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, वीडियो के माध्यम से यह झूठी अफवाह फैलाई जा रही है कि सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के मौके पर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन हेतु वैवाहिक व्रत रखा था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धार्मिक आस्था से जुड़े मंदिर दर्शन के इस वीडियो को गलत संदर्भ में पेश करके एक तरफ जहां सांसद के सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जनसाधारण की धार्मिक भावनाओं को भी आहत करने की कोशिश की जा रही है।

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की नज़ाकत को देखते हुए देहरादून एसएसपी के निर्देश पर इस प्रकरण की विवेचना डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है। वर्तमान में पुलिस उन सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स और आईडी की छानबीन कर रही है, जहां से यह वीडियो शेयर किया गया था। अधिकारियों का स्पष्ट करना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद वीडियो वायरल करने वालों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read : News : गोवा के 24 समुद्र तटों पर सुरक्षित होगा कछुओं का प्रजनन, पर्यटन नियमों में सख्ती के आसार