देहरादून। पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस विधायक हरीश धामी के बीच हुए विवाद ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मामले में मुख्यमंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए विधायक हरीश धामी की नाराजगी को जायज ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक को मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया और उनकी बात सुने बिना ही कार्यक्रम से चले गए। गोदियाल ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि जौलजीबी मेले के कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक हरीश धामी कर रहे थे। ऐसे में मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में प्रोटोकॉल और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए था। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री को कम से कम विधायक का अध्यक्षीय संबोधन सुनने के बाद ही कार्यक्रम से जाना चाहिए था। किसी जनप्रतिनिधि को अपने क्षेत्र की समस्याएं रखने का अवसर न देना न केवल विधायक का अपमान है, बल्कि उस क्षेत्र की जनता की भावनाओं की भी अनदेखी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस घटनाक्रम से ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री विपक्षी जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज सुनना और जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर देना सरकार की जिम्मेदारी है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी में अंतरराष्ट्रीय मेले का शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद उनके कार्यक्रम स्थल से चले जाने पर स्थानीय विधायक और मेले की आयोजन समिति के अध्यक्ष हरीश धामी ने मंच से अपनी बात रखने की कोशिश की। उनका आरोप है कि बोलने के दौरान उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने मंच पर हंगामा किया और माइक व कुर्सियां फेंकीं।

हरीश धामी ने क्षेत्र की समस्याओं, कनार सड़क की बदहाल स्थिति और विकास कार्यों का मुद्दा उठाने की बात कही थी। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले में मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जौलजीबी मेले का विवाद अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।