News : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब को लेकर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। इस पुस्तक के चलते महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शिवसेना (शिंदे गुट) ने किताब में वीर सावरकर के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए पूरे महाराष्ट्र में इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। शिंदे गुट के नेताओं ने पुस्तक के पृष्ठ संख्या 201 की सामग्री पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे दिवंगत बालासाहेब ठाकरे का अपमान करार दिया है।

News : क्या है पूरा विवाद?

शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर सोनिया गांधी की पुस्तक में वीर सावरकर के प्रति की गई टिप्पणियों का विरोध किया और साथ ही उद्धव ठाकरे को भी आड़े हाथों लिया।

शिंदे गुट के नेताओं का आरोप है कि सोनिया गांधी की किताब के पेज नंबर 201 पर दर्ज बातें बालासाहेब ठाकरे और समूचे महाराष्ट्र की अस्मिता के खिलाफ हैं। नेताओं के अनुसार, पुस्तक में यह लिखकर वीर सावरकर का अपमान किया गया है कि उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत से माफी मांगी थी और उन्हें पत्र लिखे थे।

शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि सावरकर और महाराष्ट्र के इस अपमान पर उद्धव पूरी तरह खामोश हैं, बल्कि वे तो कांग्रेस नेताओं से इस किताब को खुशी-खुशी स्वीकार कर रहे हैं।

News : किताब का नाम ‘Belonging of Jihad’ रखने की मांग

शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पुस्तक हिंदुत्व विरोधी मानसिकता को दर्शाती है, इसलिए इसका नाम ‘Belonging of Love’ के बजाय ‘Belonging of Jihad’ रखा जाना चाहिए।

पार्टी ने राज्य सरकार से पुरजोर मांग की है कि इस पुस्तक की बिक्री और वितरण पर महाराष्ट्र में तत्काल रोक लगाई जाए, क्योंकि प्रदेश में वीर सावरकर का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

News : किताब की प्रतियां फाड़कर जताया विरोध, संजय निरुपम का बयान

विरोध स्वरूप शिवसेना शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब की प्रतियां भी फाड़ीं। इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निरुपम ने कहा, “हमारा उद्धव ठाकरे से सीधा सवाल है कि जिस पुस्तक में वीर सावरकर को अपमानित किया गया है, उसकी लेखिका सोनिया गांधी के विरोध में उनके मुंह से एक भी शब्द क्यों नहीं निकल रहा है? हम इस किताब की कड़ी निंदा करते हैं और महाराष्ट्र सरकार से उम्मीद करते हैं कि राज्य भर में इस पर बैन लगाया जाएगा।”

News : आनंद दुबे का बयान- पुस्तक में जहर भरा है

दूसरी ओर, आनंद दुबे ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस किताब के पन्नों में जहर भरा गया है। उन्होंने कहा कि देश के लिए इतनी यातनाएं सहने वाले वीर सावरकर के बारे में ऐसी बातें लिखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन समारोह में अमरिंदर सिंह की मौजूदगी की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें और चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

Also Read : News : ‘हनुमान अंश’ के बाद अब ‘महादेव अंश’ की तैयारी, ‘नीम करोली बाबा’ के पश्चात बड़े पर्दे पर दिखेगी संत देवराहा बाबा की गाथा

You missed