देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पल्सर बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस को हथियार दिखाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर इसी महीने गोकशी की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान शनिवार देर रात ठाकुरपुर रोड पर टी-स्टेट के पास पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों को पिस्तौल दिखाकर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में पहुंचने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। उसकी पहचान 32 वर्षीय इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी गांव खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, फरार आरोपी की पहचान शमीम निवासी गांव गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें टी-स्टेट और आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग कर रही हैं।
मौके से तमंचा और हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, घायल इरशाद प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटनाओं में शामिल था। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी सिटी शेखर सुयाल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मामले में आगे की जांच कर रही है।
