खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर खटीमा के मेलाघाट स्थित बाइस पुल छठ घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती महिलाएं भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह अपने गृह क्षेत्र खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने छठ पूजा की पारंपरिक रस्मों में भाग लिया और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, अटूट श्रद्धा, समर्पण और अनुशासन को दर्शाता है। व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना के साथ कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान और जीवन में संयम का संदेश देती है।

धामी ने कहा कि वह बचपन से ही खटीमा में छठ पर्व के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। खटीमा को उन्होंने लघु भारत बताते हुए कहा कि यहां विभिन्न समाज और समुदाय के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। अपने गृह क्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें विशेष खुशी मिलती है।

मुख्यमंत्री के छठ घाट पहुंचने पर श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं ने प्रसन्नता जताई। पूजा-अर्चना और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही घाट पर छठ महापर्व की परंपरागत पूजा संपन्न हुई।