देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए छह आईएएस अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। इस फेरबदल में शहरी विकास, पंचायती राज, सैनिक कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभागों से जुड़े दायित्वों में बदलाव किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा (2002 बैच) को सचिव शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी के साथ सचिव पंचायती राज विभाग का प्रभार दिया गया था। अब उन्हें पंचायती राज विभाग के सचिव पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वह शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
वहीं, आईएएस अधिकारी सी. रविशंकर (2009 बैच) को सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी आईएएस अधिकारी युगल किशोर पंत के पास थी। युगल किशोर पंत (2009 बैच) को सैनिक कल्याण विभाग के सचिव पद के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उनके पास संस्कृति और सचिवालय प्रशासन विभाग सहित अन्य पूर्व निर्धारित जिम्मेदारियां बनी रहेंगी।
इसी क्रम में आईएएस अधिकारी उमेश नारायण पांडेय (2010 बैच) को सचिव पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पुनर्गठन और भाषा विभाग सहित अपने अन्य विभागीय दायित्व भी संभालते रहेंगे।
इसके अलावा आईएएस अधिकारी विनीत कुमार (2013 बैच) को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से जुड़ी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्हें निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं, आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह (2017 बैच), जो खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक हैं, उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक और अल्पसंख्यक कल्याण निगम के प्रबंध निदेशक पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कामकाज के बेहतर संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
