Dehradun : देहरादून चिड़ियाघर आने वाले वन्यजीव प्रेमियों के लिए गुरुवार से एक नया रोमांच जुड़ने जा रहा है। अब आगंतुक यहां लाए गए सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे।

वन मंत्री द्वारा इस विशेष बाड़े का लोकार्पण किया जाएगा। लगभग ढाई साल की उम्र वाला तेजस अपनी नीली आंखों और सफेद फर पर बनी काली धारियों की वजह से बेहद आकर्षक और विशिष्ट पहचान रखता है।

Dehradun : 28 सितंबर को ग्वालियर से लाया गया था देहरादून

इस सफेद बाघ को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से बीते 28 सितंबर को देहरादून शिफ्ट किया गया था। उत्तराखंड वन विभाग के अथक प्रयासों के बाद केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) ने एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत इसे लाने की हरी झंडी दी थी।

इसके बदले में देहरादून जू से लगभग पांच साल के रॉयल बंगाल टाइगर ‘भोला’ को ग्वालियर भेजा गया था। तेजस ने ग्वालियर से देहरादून तक की करीब 556 किलोमीटर लंबी दूरी एक विशेष रेस्क्यू वाहन के जरिए तय की थी। इस सफर के दौरान पशु चिकित्सकों और वन विभाग के कर्मचारियों समेत कुल 13 सदस्यों का एक दल उसके साथ मौजूद था।

इस पूरी यात्रा में लगभग 12 से 14 घंटे का समय लगा था। दून पहुंचने के बाद तेजस को कुछ दिनों के लिए क्वारंटाइन में रखा गया, जहां विशेषज्ञों द्वारा उसके स्वास्थ्य, खानपान और नए माहौल में उसके बर्ताव पर लगातार नजर रखी गई। अब आधिकारिक उद्घाटन के बाद सैलानी उसका दीदार कर पाएंगे।

उत्तराखंड के किसी भी चिड़ियाघर में सफेद बाघ का होना पहली बार पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। इससे देहरादून जू में वाइल्डलाइफ टूरिज्म को भी काफी बढ़ावा मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

Also Read : News : ‘हनुमान अंश’ के बाद अब ‘महादेव अंश’ की तैयारी, ‘नीम करोली बाबा’ के पश्चात बड़े पर्दे पर दिखेगी संत देवराहा बाबा की गाथा