पंतनगर। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की योजना को बड़ी मंजूरी मिल गई है। एयरपोर्ट के रनवे को 3000 मीटर तक बढ़ाने के प्रस्ताव को पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद विस्तार परियोजना आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। इस परियोजना से एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने, बड़े विमानों के संचालन और उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की उम्मीद है।

375.33 करोड़ रुपये की परियोजना, यात्री क्षमता बढ़कर 10.1 लाख होगी

राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दी है। इसके तहत रनवे के साथ टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य हवाई अड्डा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत 375.33 करोड़ रुपये बताई गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। परियोजना के तहत किसी भी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा।

टर्मिनल भवन और पार्किंग क्षमता भी बढ़ेगी

विस्तार के बाद एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसके लिए 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि का उपयोग किया जाएगा। टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा, जिसमें 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण शामिल है।

विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन पर उपलब्ध स्थान दो से बढ़ाकर सात किए जाएंगे। वहीं टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। एयरपोर्ट को विस्तार के बाद सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने के लिए तैयार किया जाएगा।

पर्यावरणीय मंजूरी के तहत सीवेज शोधन, सौर ऊर्जा और हरित क्षेत्र विकसित करने जैसी शर्तें भी रखी गई हैं। निर्माण के दौरान विमानन सुरक्षा मानकों, निर्धारित ऊंचाई सीमा और पर्यावरणीय नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। इस विस्तार से पंतनगर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ कुमाऊं क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।