देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक की प्रमुख सीता पंवार ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके पार्टी में शामिल होने के बाद टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉकों में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख हो गए हैं।

बुधवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सीता पंवार समेत कई जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान जौनपुर की कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, सात क्षेत्र पंचायत सदस्य और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधान भी भाजपा में शामिल हुए। पार्टी में शामिल होने वाले सभी जनप्रतिनिधियों का फूलमाला और भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर नेता और कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना सरकार के विकास कार्यों और संगठन की मजबूती का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने को लेकर जनसमर्थन बढ़ रहा है।

भट्ट ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के बल पर बड़े पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी के अंदर चल रहे मतभेदों का भी जिक्र किया।

जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार के भाजपा में शामिल होने से टिहरी जिले में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति मजबूत हुई है। जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख अब भाजपा से जुड़े हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को जिले में भाजपा के राजनीतिक प्रभाव और संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।