News : देश में सोने में मिलावट से जुड़ा एक नया घोटाला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन से आयात किए जा रहे ‘रेनियम पाउडर’ को सोने में मिलाया जा रहा है, जिससे धातु का वजन बढ़ जाता है।

चौंकाने वाली बात यह है कि पारंपरिक जांच उपकरण और हॉलमार्किंग केंद्र भी इस मिलावट को पकड़ने में नाकाम रहे हैं। कई मामलों में मिलावट के बावजूद सोना 24 कैरेट की शुद्धता जांच में खरा उतर गया।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेनझेन के एक एजेंट ने बताया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर तैयार करती है और भारत के विभिन्न शहरों में इसके डीलर काम कर रहे हैं।

रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में एक ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया। इससे कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया और जांच में यह मिश्रण 24 कैरेट सोने के तौर पर दर्ज हुआ।

इसके बाद ज्वेलर ने दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट की ज्वेलरी बनाई, जिसे हॉलमार्किंग सेंटर से 22 कैरेट के रूप में प्रमाणित भी कर दिया गया।

रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया है कि इसमें असली सोने का हिस्सा महज 81.73% रहा, जो करीब 20 कैरेट शुद्धता के बराबर है। बताया जा रहा है कि मिलावटी गहने कई शोरूम और जांच केंद्रों की परख में पास हो गए।

इस घटना ने हॉलमार्किंग प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है। सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में 81% रजिस्टर्ड ज्वेलर्स की जांच ही नहीं हो सकी।

जानकारों का कहना है कि इस तरह की मिलावट पकड़ने के लिए एक्सआरएफ (XRF) टेस्टिंग और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसे उन्नत तरीकों की जरूरत है। खरीदारों को सलाह दी गई है कि वे भरोसेमंद विक्रेताओं से हॉलमार्क युक्त आभूषण लें और पक्का बिल व जीएसटी इनवाइस संभालकर रखें।

Also Read : News : बिना सीना काटे और दिल रोके रोबोटिक हार्ट सर्जरी, भारत ने रचा नया कीर्तिमान