हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार हाईवे की सर्विस रोड पर देर रात गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो कारें ट्रक और गन्नों के नीचे दब गईं। गनीमत रही कि घटना के समय दोनों कारों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों शुगर मिलों में गन्ने की पेराई का सीजन शुरू होने के चलते बड़ी संख्या में किसान गन्ने से लदे वाहनों को लेकर मिलों की ओर जा रहे हैं। इसी दौरान देर रात गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक हरिद्वार हाईवे की सर्विस रोड से गुजर रहा था। प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने अचानक चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे पलट गया और वहां खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में हरियाणा नंबर की एक कार पूरी तरह गन्नों के नीचे दब गई, जबकि उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया। बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार में एक परिवार सवार होकर रिश्तेदारी में हरिद्वार आया था। परिवार के सदस्य कार सड़क किनारे खड़ी कर कहीं गए हुए थे। हादसे के वक्त कार खाली होने से किसी को चोट नहीं आई।
ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक से गन्ने हटवाकर दोनों कारों को बाहर निकाला गया। इसके बाद ट्रक को हटाकर सर्विस रोड पर यातायात सुचारू कराया गया।
स्थानीय लोगों ने ओवरलोड गन्ने से लदे वाहनों के लगातार संचालन पर सवाल उठाते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
