हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में चुनावी उत्साह भरने की कवायद तेज कर दी है। हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि टिकट भले ही किसी एक को मिले, लेकिन चुनाव में जीत के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने टिकट की दावेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं को धैर्य रखने की सलाह भी दी।

राम माधव ने चुनाव को शादी और बारात का उदाहरण देते हुए कहा कि दूल्हा एक ही बनता है, लेकिन बारात में सभी को नाचना पड़ता है। इसी तरह पार्टी में टिकट किसी एक व्यक्ति को मिलेगा, लेकिन जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर टिकट का दावेदार बन सकता है। पार्टी में परिवारवाद और धनबल के आधार पर निर्णय नहीं लिए जाते।

लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य

राम माधव ने उत्तराखंड को भाजपा की स्वाभाविक शासन करने वाली पार्टी का प्रदेश बताते हुए कहा कि यह देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी के पक्ष में उत्साह का माहौल है, लेकिन इस माहौल को बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रहना होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने पार्टी के 10 वर्ष के शासन के बाद अगले पांच वर्षों तक भी जनसेवा जारी रखने का लक्ष्य सामने रखा।

दूसरे राज्यों से आए विस्तारक भी संभालेंगे जिम्मेदारी

राम माधव ने बताया कि दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए विस्तारक उत्तराखंड के विभिन्न जिला केंद्रों में रहकर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों में सहयोग करेंगे। उन्होंने राज्य गठन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के योगदान को भी याद किया।

बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और चुनावी जिम्मेदारियों पर ध्यान देने का संदेश दिया गया। पार्टी नेतृत्व का जोर टिकट की दावेदारी से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास के जरिए चुनाव जीतने पर रहा। राम माधव ने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने की अपील की, ताकि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल कर सके।

You missed