देहरादून। उत्तराखंड में राजस्व प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनकी जिम्मेदारी सीधे आम जनता की जमीन, आजीविका और अधिकारों से जुड़ी होती है। ऐसे में अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चयनित बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों को भी सरकारी सेवाओं में आने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, जमीन की पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध और सावधानीपूर्वक किया जाए। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक सुना जाए और उसे संबंधित दस्तावेजों तथा सरकारी प्रक्रियाओं की सही जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों से तहसील पहुंचने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे समय में प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही आकलन कर पीड़ित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने में अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
धामी ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहने और किसी भी दबाव या सिफारिश के बिना नियमों के अनुसार कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण के मंत्र को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है।
