News : मानदेय में वृद्धि, रिटायरमेंट लाभ और छंटनी पर रोक जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलनरत आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं को सरकार ने बड़ी राहत देने का आश्वासन दिया है। सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान इन तीनों श्रेणियों के मानदेय बढ़ाने पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है।
वार्ता में यह भी तय किया गया कि आशा कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति के समय एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाएगी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कल्याण कोष में सरकार अपनी ओर से अंशदान जमा करेगी। इसके साथ ही भोजनमाताओं की छंटनी रोकने और रिटायरमेंट पर उन्हें भी धनराशि उपलब्ध कराने का प्रावधान करने पर सहमति जताई गई।
News : रिटायरमेंट पर एकमुश्त राशि और छंटनी रोकने पर बनी बात
सीटू (CITU) के बैनर तले आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता और अन्य श्रमिक संगठनों ने सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके पश्चात कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शैलेश बगोली सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और श्रम विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने 18 नवंबर के सचिवालय महापड़ाव के दौरान सौंपे गए मांगपत्र की सभी मांगों को शासन के समक्ष विस्तार से रखा।
चर्चा के दौरान आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि देने पर सहमति बनी, जिसके लिए हरियाणा मॉडल की तर्ज पर नियमावली तैयार की जाएगी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि को लेकर जल्द ही शासनादेश जारी किया जाएगा।
News : ग्रेच्युटी भुगतान में होगा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन
बैठक में लिए गए अन्य प्रमुख निर्णयों के तहत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवानिवृत्ति के बाद कल्याण कोष में जमा होने वाली राशि में सरकार भी अपना हिस्सा देगी। इसके अलावा ग्रेच्युटी भुगतान के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा। भोजनमाताओं के संदर्भ में मानदेय वृद्धि के साथ-साथ उनकी छंटनी रोकने और रिटायरमेंट पर वित्तीय सहायता का प्रावधान करने पर सहमति बनी।
इस दौरान अकुशल श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग पर श्रम विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही, चारों श्रम संहिताओं में श्रमिक हितैषी संशोधन करने और त्रिपक्षीय बोर्डों में केंद्रीय श्रमिक संगठनों को प्रतिनिधित्व देने के विषयों पर भी चर्चा हुई। सीटू के राज्य सचिव लेखराज ने जानकारी दी कि शासन के साथ वार्ता में मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद फिलहाल आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है, हालांकि संगठन के कार्यकर्ता आगामी एक दिसंबर को दिल्ली में आयोजित रैली में बड़ी तादाद में हिस्सा लेंगे।
Also Read : News : राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं, Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी, भरोसे के लिए बोर्ड को कहा थैंक्स
