देहरादून। बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने के मामले में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने देहरादून में तैनात मीटर रीडर राजेंद्र सिंह रावत को सेवाओं से हटा दिया है। उन्हें विभागीय कार्य से मुक्त कर वापस उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) भेज दिया गया है। उपभोक्ताओं की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है।

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह रावत विद्युत वितरण खंड (उत्तर), देहरादून के अंतर्गत उपनल के माध्यम से मीटर रीडर के पद पर कार्यरत थे। उनके खिलाफ बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता करने, धमकी देने और अनुचित व्यवहार की शिकायतें मिली थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यूपीसीएल प्रबंधन ने मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए थे।

जांच के दौरान शिकायतों के साथ उपलब्ध कराए गए ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों की भी पड़ताल की गई। इसके अलावा अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी पूरे मामले की जांच की। जांच में संबंधित कर्मचारी की ओर से उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण किए जाने के आरोपों की पुष्टि हुई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर यूपीसीएल ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया। इसके बाद मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए उपनल को भेज दिया गया।

दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगा विभाग

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने स्पष्ट किया कि बिजली उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव या अनुचित आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि विद्युत विभाग का कोई कर्मचारी उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है या अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता अथवा उच्चाधिकारियों से करें। विभाग का कहना है कि ऐसी शिकायतों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं के प्रति विभागीय जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You missed