देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शासन ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने 12 आईएएस और 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए उनकी जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इसके साथ ही दो पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के विभागों में भी फेरबदल किया गया है। इस बदलाव में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, चमोली और बागेश्वर समेत छह जिलों को नए पुलिस कप्तान मिले हैं।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रमुख सचिव एल. फैनई को उनके मौजूदा विभागों के साथ आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, आईएएस दिलीप जावलकर से वित्त विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। उनके पास निर्वाचन और जलागम विभाग का प्रभार यथावत रहेगा। आईएएस डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि बृजेश कुमार संत को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस आर. राजेश कुमार को औद्योगिक विकास (खनन) और महानिदेशक खनन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। युगल किशोर पंत को तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा रीना जोशी, विनीत कुमार, मनुज गोयल, मेहरबान सिंह बिष्ट और अभिनव शाह समेत अन्य अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है।
17 आईपीएस अधिकारियों की नई तैनाती
पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के तहत मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का एसएसपी बनाया गया है। अर्पण यदुवंशी को नैनीताल, देवेंद्र पींचा को पौड़ी और सरिता डोबाल को टिहरी का एसएसपी नियुक्त किया गया है। अमित श्रीवास्तव को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, नैनीताल के एसएसपी रहे मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय की कमान सौंपी गई है। अजय गणपति कुंभार को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है।
चुनाव से पहले महत्वपूर्ण बदलाव
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
