देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। दिवंगत अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने अंकिता और उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत को सार्वजनिक कर दिया और उसे कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर पेश किया। पुलिस ने मामला जांच के लिए हरिद्वार स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने 22 नवंबर को देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट मीडिया के सामने सार्वजनिक किए गए। परिजनों ने इसे उनकी दिवंगत बेटी की निजता, प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया।
शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना समेत कई लोग पहुंचे। इसके बाद परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात की और कार्रवाई की मांग उठाई।
इसके बाद बुधवार देर शाम राजपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामला जांच के लिए हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई बताई जा रही चार हजार से अधिक पन्नों की व्हाट्सएप बातचीत सार्वजनिक की थी। उन्होंने इन चैट के आधार पर अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताते हुए मामले की जांच की मांग की थी। वहीं, अंकिता के परिजनों ने इन दावों पर कड़ी आपत्ति जताई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड में रिसॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
