देहरादून। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की। इसके तहत विभाग को नए आपराधिक कानूनों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा विभाग के डिजिटलीकरण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अभियोजन अधिकारियों को प्रदेश की विभिन्न स्थानीय बोलियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग की पत्रिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस और विधि दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा देश की न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसका उद्देश्य सत्य को स्थापित करना और न्यायिक प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की न्याय व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानून इसी दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव हैं।
धामी ने कहा कि ई-कोर्ट परियोजना, राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड, फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नए कानूनों में इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल रिकॉर्ड को साक्ष्य के रूप में मान्यता मिलने से जांच और अभियोजन प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक एवं विश्वसनीय होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही डिजिटल कोर्ट, ई-फाइलिंग और वर्चुअल सुनवाई की सुविधाओं का विस्तार कर रही है। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, गृह सचिव शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और अभियोजन निदेशक एपी अंशुमान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
