Uttarakhand : इंदिरा कॉलोनी में आपसी पारिवारिक कलह के चलते एक पिता ने अपने ही बेटे की जान लेने की नीयत से उस पर लोहे की सब्बल से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए।
इस घातक हमले में बुरी तरह जख्मी हुए युवक को आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता घर में रखी नकदी और आभूषण लेकर भाग निकला। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी विक्की (पुत्र सुरेश कुमार) ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि 22 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे उसका बड़ा भाई अनिल कुमार घर में सो रहा था। इसी बीच उनके पिता सुरेश कुमार ने लोहे की सब्बल से अनिल के सिर पर कई बार हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विक्की आनन-फानन में अपने भाई को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया। परिजनों का कहना है कि अनिल कोमा में चला गया है और वह न तो कुछ बोलने की स्थिति में है और न ही सुन पा रहा है। हमले के पश्चात आरोपी पिता घर में रखे लगभग 50 से 60 हजार रुपये नकद, दो तोला सोने के आभूषण और 100 ग्राम चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया है।
आरोपी का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घर से भागने से पहले पिता ने रसोई गैस सिलेंडर में आग लगाने की कोशिश की और घर के सामान में तोड़फोड़ भी की।
Also Read : News : बदरीनाथ-केदारनाथ में बदलेगा दान-चढ़ावे का लेखा-जोखा, लागू हो सकता है ‘जीरो ट्रस्ट’ मॉडल
