कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के स्ट्रॉन्ग रूम दौरे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस हार की आशंका से घबराई हुई है और अब बहाने तलाश रही है।
दरअसल, गुरुवार देर रात ममता बनर्जी दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल पहुंचीं, जहां ईवीएम मशीनें सुरक्षित रखी गई हैं। उन्होंने वहां ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका जताई और आधी रात तक परिसर में मौजूद रहीं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस “हार के डर से बौखलाई हुई है।” उन्होंने दावा किया कि एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है और जनता अपना फैसला दे चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने की तैयारी कर रही है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तृणमूल कांग्रेस पर “ट्रिपल डी डिनायल, डायवर्जन और ड्रामा” की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल नेता संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि 15 साल सत्ता में रहने के बाद स्ट्रॉन्ग रूम और ईवीएम पर सवाल उठाना हार की स्वीकारोक्ति है। वहीं सांसद संजय जायसवाल ने भी आरोप लगाया कि जनता ने तृणमूल कांग्रेस को खारिज कर दिया है, इसलिए अब ईवीएम पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
भाजपा के इन आरोपों के बीच तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे सियासी माहौल और गर्म हो गया है।
