बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास सड़क किनारे जिलेटिन की दो छड़ें मिलने से रविवार को हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के बाहरी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को बेंगलुरु दौरे पर थे। वह कग्गलीपुरा के पास कनकपुरा रोड स्थित आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर तातागुनी इलाके में रूटीन सुरक्षा जांच के दौरान फुटपाथ के किनारे जिलेटिन की दो छड़ें बरामद हुईं।
बेंगलुरु सेंट्रल जोन के डीआईजी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन से पहले चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के दौरान संदिग्ध सामग्री मिली। इसके तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जिलेटिन की छड़ें वहां किस उद्देश्य से रखी गई थीं और क्या इस मामले में किसी बड़े नेटवर्क या अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
