News : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह जवान सीआरपीएफ की 33वीं बटालियन की ‘अल्फा’ कंपनी में पदस्थ था, जिसके संबंध में शनिवार को विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी किया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस जवान पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपने कंपनी कमांडर को जान से मारने की धमकी भरे संदेश प्रसारित करने का गंभीर आरोप है।
पीटीआई (PTI) समाचार एजेंसी के मुताबिक, आरोपी सिपाही की पहचान असम के रहने वाले प्रोबेशनरी कॉन्स्टेबल पिनाक नाथ के रूप में हुई है, जो कुछ समय पहले ही बल में भर्ती हुआ था।
News : सोशल मीडिया पर की थी आपत्तिजनक पोस्ट
अधिकारियों ने बताया कि उक्त जवान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर यह धमकी दी थी कि वह अपने कंपनी कमांडर को खत्म कर देगा और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर लेगा।
इतना ही नहीं, उसने एक अन्य पोस्ट में उस पुरानी घटना का भी हवाला दिया था जिसमें एक सुरक्षाकर्मी ने अपने सर्विस राइफल से अपने सीनियर अधिकारियों और साथियों पर गोली चलाकर उनकी हत्या कर दी थी।
अधिकारियों के अनुसार, बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने इस पूरे मामले की अंदरूनी जांच कराई, जिसके पश्चात शुक्रवार को ‘केंद्रीय सिविल सेवा (अस्थायी सेवा) नियम, 1965’ के नियमों के तहत पिनाक नाथ को तत्काल प्रभाव से सेवा से निष्कासित कर दिया गया।
Also Read : News : CRPF कैंप पर आतंकी हमले में तीन जवान घायल, सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
