News : करवा चौथ व्रत को ‘खसम पूजन’ कहकर मजाक उड़ाने और भगवान श्री राम व श्री कृष्ण की तुलना करते हुए कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ सिविल जज (फास्ट ट्रैक कोर्ट) में परिवाद दायर किया गया है। यह कानूनी शिकायत तीन वकीलों द्वारा संयुक्त रूप से दी गई है, जिस पर अदालत में 30 नवंबर को सुनवाई तय की गई है।
अधिवक्ता राम सिंह लोधी, सुनीता वर्मा और हर्ष गुप्ता की तरफ से शुक्रवार को अदालत में यह प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें कहा गया कि वे सनातन धर्म के सच्चे अनुयायी हैं।
सनातन परंपरा और शास्त्रों के अनुसार, त्रेता और द्वापर युग में प्रकट हुए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम तथा श्री कृष्ण को ईश्वरीय दर्जा प्राप्त है और वे समस्त सनातनी अनुयायियों के आराध्य हैं।
शिकायत के मुताबिक, 26 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने करवा चौथ के निर्जल व्रत का उपहास उड़ाते हुए तीखी टिप्पणी की थी और इसे ‘करवा चौथ’ के बजाय ‘खसम पूजन दिवस’ बताया था।
इसके अलावा, 29 अक्टूबर की कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम और कृष्ण की तुलना करते हुए उनके स्वरूप, नाम और आचरण पर कई आपत्तिजनक बातें कहीं। साथ ही, भगवान श्रीराम के पांच पिता होने की बात कहकर उनका अपमान करने का भी आरोप है।
परिवादी वकीलों का कहना है कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए इस तरह के बयान देखने-सुनने के बाद उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। इस सिलसिले में परिवादियों ने 5 नवंबर को सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर भी दी थी।
हालांकि, पुलिस ने घटना का स्थान रामपुर में न होने का हवाला देकर एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अधिवक्ता हर्ष गुप्ता ने बताया कि न्यायालय ने परिवाद को स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है।
