देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने सभी जिलों के प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में संगठन की स्थिति, पार्टी के कार्यक्रमों और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी दोपहर बाद इस बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है।
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटी है। रविवार को आयोजित इस बैठक को इसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। बैठक में जिला प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों की जानकारी ली जा रही है। साथ ही आगामी दिनों में संगठन की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हो रही है।
पार्टी नेतृत्व का जोर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर है। बैठक में जिलों में संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है।
वहीं, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठक से पहले भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
गौरतलब है कि भाजपा ने आगामी चुनावों को लेकर सांगठनिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। नवंबर के तीसरे सप्ताह में हरिद्वार में पार्टी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी प्रस्तावित है। ऐसे में देहरादून में हो रही यह बैठक आगामी चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
