नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है। रुझानों के अनुसार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निर्णायक बढ़त बनाए हुए है और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से करीब 100 सीटों का अंतर दिख रहा है। वहीं असम में भी भाजपा पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है।

पुडुचेरी में एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनती दिख रही है। तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) बहुमत के करीब पहुंच गई है, जबकि केरल में कांग्रेस ने जीत का दावा किया है।

इन रुझानों के बीच भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ता देशभर में उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और जीत की खुशी में शामिल होंगे।

जानकारी के मुताबिक, दीन दयाल मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय में 400 से 500 लोगों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई है। नाश्ते में सैंडविच, आलू-पूरी, पोहा, जलेबी, ताजे फल, लस्सी, रबड़ी और पारंपरिक मिष्टी दोई परोसे जाने की तैयारी है।

वहीं पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा कार्यकर्ता मिठाइयां बांटकर और रंग-गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। कई जगहों पर जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है, जहां कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाई देते नजर आ रहे हैं।