देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित पुलिस ऑफिस पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पटेलनगर थाना प्रभारी के खिलाफ भी अपना आक्रोश जताया।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सिद्धांत बडोनी के साथ कथित बर्बरता किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान और पुलिस कार्रवाई में उचित व्यवहार नहीं किया गया। इसी को लेकर कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराने पुलिस कार्यालय पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मौके पर बुलाने की मांग की। उनका कहना था कि वे अपनी शिकायत और पूरे मामले से जुड़ी आपत्तियों को सीधे एसएसपी के सामने रखना चाहते हैं। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक एसएसपी स्वयं मौके पर आकर उनका ज्ञापन नहीं लेते और उनकी बात नहीं सुनते, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे।

इस दौरान पटेलनगर थाना प्रभारी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ऑफिस परिसर में प्रदर्शन के चलते माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।

गौरतलब है कि पटेलनगर क्षेत्र में सात नवंबर को प्लॉट के सौदे के सिलसिले में ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से अब तक 3.02 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।

फिलहाल बजरंग दल के कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। इस घटनाक्रम के बाद लूटकांड में पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी को लेकर विवाद और बढ़ गया है।