कालाढूंगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को मिनी स्टेडियम की सौगात भी दी।

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस सम्मेलन का आयोजन उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर किया गया था। कालाढूंगी विधानसभा में यह कार्यक्रम पहले किसी कारणवश आयोजित नहीं हो पाया था।

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं। राज्य के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिनी स्टेडियम की सौगात दी। इससे स्थानीय युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन में प्रदेश सह प्रभारी एवं दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज की उपस्थिति भी रही।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ कालाढूंगी क्षेत्र में विकास और खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।