रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिसर में हड़कंप मच गया। छात्र का शव संस्थान के गोविंद भवन स्थित हॉस्टल के कमरे में मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 20 वर्षीय आयुष राजोरिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आयुष आईआईटी रुड़की के गणित विभाग में बीएस-एमएस प्रोग्राम (मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग) के द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह गोविंद भवन के दूसरे तल पर स्थित कमरे में रहता था। गुरुवार रात करीब 11 बजे उसके दोस्तों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दोस्तों ने खिड़की से अंदर देखा तो आयुष पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
रुड़की कोतवाली पुलिस के अनुसार, गुरुवार आधी रात के आसपास घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया और छात्र को नीचे उतारा। संस्थान के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नोट में छात्र ने अपनी मानसिक परेशानियों और अवसाद का जिक्र किया है। साथ ही किसी अन्य व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आयुष पिछले एक साल से अधिक समय से संस्थान के वेलनेस सेंटर में उपचार ले रहा था। वह आखिरी बार गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों से मिला था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर आयुष के परिजन गाजियाबाद से रुड़की पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, आईआईटी रुड़की प्रशासन ने छात्र के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। संस्थान ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मामले की जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
