कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में शुक्रवार सुबह एक मकान में अचानक आग लगने से मां और बेटी झुलस गईं। घटना कलालघाटी क्षेत्र के किशनपुरी की है। घर से धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल महिलाओं को अपने वाहन से बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। फिलहाल दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार किशनपुरी निवासी 26 वर्षीय अनु डबराल अपनी मां नीता डबराल के साथ घर में रहती हैं। कुछ समय पहले ही उनके पिता कमलेश्वर प्रसाद डबराल का निधन हो गया था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अचानक उनके मकान में आग लग गई। आग की वजह से घर में धुआं भर गया और मां-बेटी इसकी चपेट में आकर झुलस गईं।
घर से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत कलालघाटी पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजा राम डोभाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए दोनों महिलाओं को अपने वाहन से कोटद्वार स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
इसी दौरान सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने से मकान के भीतर सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
कलालघाटी चौकी प्रभारी राजा राम डोभाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। समय रहते स्थानीय लोगों की सूचना और पुलिस की तत्परता से दोनों महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सका।
