उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में स्थित यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत से हड़कंप मच गया है। ताजा मामला देर रात जानकीचट्टी के पास सामने आया, जहां मध्यप्रदेश के इंदौर से आई 40 वर्षीय महिला श्रद्धालु प्रतिभा मिश्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर हरदेव सिंह पंवार के अनुसार, महिला को अचेतन अवस्था में अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले भी रविवार को एक अन्य तीर्थ यात्री की मौत का मामला सामने आया था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जानकीचट्टी से मिली जानकारी के अनुसार, करीब पौने चार बजे एक नेपाली मजदूर द्वारा एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव पुलिस को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय उदय गजानन तांबे, निवासी नासिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने यात्रा की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतें और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।