देहरादून। देहरादून जनपद के डाकपत्थर क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव रविवार को यमुना नदी में बरामद हुआ। युवक का शव यमुना पुल के पास नदी में फंसे एक ट्रक के नीचे मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप अधिकारी (32), पुत्र प्रताप सिंह अधिकारी, निवासी ग्राम बुराष्टि (कच्चा), चकराता, 17 अप्रैल से लापता था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन शुरुआती सर्चिंग अभियान में कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार को दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान टीम को सफलता मिली और युवक का शव ट्रक के नीचे से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी होने की बात कही है।