ऊधम सिंह नगर। उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम नवीनगर में रविवार को धार्मिक पूजा (चंगाई सभा) की आड़ में कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस दौरान विरोध करने पहुंचे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों की दूसरे पक्ष के लोगों से तीखी झड़प हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कुछ लोगों द्वारा प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। जब इसका विरोध किया गया, तो दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि धर्मस्थल की छत से पथराव भी किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों में प्रियांशु राणा, रेनुवती देवी, सुनीता देवी, सरजू वती और किशन सिंह शामिल हैं। सभी घायलों को पुलिस ने उपचार और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विहिप अध्यक्ष अजय भगत और बजरंग दल के प्रांत संयोजक पूरन जोशी के नेतृत्व में ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रतिनिधि सुशील मसीह गिल ने धर्मांतरण के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे संविधान प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के तहत नियमित पूजा कर रहे थे और उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त कर ली हैं। समाचार लिखे जाने तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
