Uttarakhand : उत्तराखंड में अलग-अलग विभागों के डेटा को आपस में जोड़कर उनके प्रभावी इस्तेमाल हेतु ‘डेटा लेक’ तैयार किया जाएगा। इस पहल से सरकार को नीति निर्धारण और प्रशासनिक फैसले लेने में सहूलियत होगी। इसके अलावा, सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग और कामकाज की प्रणाली को अधिक कारगर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इस दिशा में रोडमैप बनाने और अविलंब टास्क फोर्स के गठन के आदेश दिए हैं। मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) विभाग के अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एआई का चलन काफी तेजी से बढ़ रहा है।

लिहाजा, प्रदेश में भी प्रशासनिक और शासकीय कार्यों में इसके उपयोग के विकल्प तलाशे जाने आवश्यक हैं। उन्होंने विभागीय कार्यशैली और जरूरतों के मुताबिक एआई टूल्स के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने के निर्देश जारी किए।

इस उद्देश्य से हर विभाग में इसकी संभावनाओं की पहचान कर ठोस कदम उठाने को कहा गया है। मुख्य सचिव ने प्रशासनिक निगरानी तंत्र को भी और सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने आदेश दिया कि सचिवों के विभागीय दौरों और फील्ड निरीक्षण के समय प्राप्त होने वाले अहम इनपुट्स व सुझावों को संबंधित विभागों से साझा किया जाए।

इन निरीक्षणों से हासिल होने वाले फीडबैक को इलेक्ट्रॉनिक प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम (ई-पीएमएस) के साथ भी लिंक किया जाएगा। इससे विभिन्न योजनाओं की रफ्तार, उनके जमीनी क्रियान्वयन और आदेशों के पालन की मॉनिटरिंग करने में आसानी होगी। इस बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय और श्रीधर बाबू अद्दांकी समेत कई अन्य आला अधिकारी मौजूद थे।

Also Read : News : देहरादून को जाम से मिलेगी राहत, 5.36 करोड़ की लागत से बनेगा दो लेन का पुल