देहरादून। उत्तराखंड सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें सहकारी बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रदेशभर में बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत आगामी एक दिसंबर से राज्य के सभी 95 विकासखंडों में सहकारिता ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से प्रदेश के दो लाख किसानों को लाभान्वित करने और करीब 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को देहरादून स्थित नाबार्ड मुख्यालय में सहकारिता विभाग और नाबार्ड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में केंद्र सरकार से वित्तपोषित योजनाओं की प्रगति, ब्याजमुक्त ऋण वितरण, जिला सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 95 विकासखंडों में आयोजित होने वाले ऋण मेलों की तैयारियां समय से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से सरल और सुगम प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही ऋण मेलों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य
बैठक में जिला सहकारी बैंकों के बढ़ते एनपीए यानी फंसे हुए कर्ज की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सहकारिता मंत्री ने अधिकारियों को करीब 400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए वसूली प्रक्रिया में तेजी लाना जरूरी है।
चमोली ऋण वितरण में सबसे आगे
समीक्षा के दौरान सामने आया कि ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य में चमोली जिला 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे है। ऊधमसिंह नगर में 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 50 प्रतिशत, हरिद्वार में 49 प्रतिशत और पौड़ी में 46 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है।
वहीं, अधिकारियों को सात दिसंबर तक योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी दिन सहकारिता मंत्री दोबारा समीक्षा बैठक कर विभागीय कार्यों का जायजा लेंगे।
