देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, चीनी मिलों, ग्रामीण पेयजल व्यवस्था और आबकारी विभाग से जुड़े फैसले लिए गए। कैबिनेट ने कुल 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 को मंजूरी

कैबिनेट ने सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 लागू करने का निर्णय लिया। इसके माध्यम से संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों एवं कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। इसके तहत असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण श्रमिकों के लिए अलग-अलग कल्याण बोर्ड गठित करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन भी किया जाएगा।

चीनी मिलों को मिलेगी 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी

पेराई सत्र 2026-27 के लिए राज्य की चार सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति देने का निर्णय लिया गया। इसमें बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिल शामिल हैं। इसका उद्देश्य गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े फैसले

कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) की सीधी भर्ती में डीफार्मा के साथ बीफार्मा की योग्यता को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।

वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉन्ड को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत पीजी पूरा करने वाले चिकित्सकों को दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा देनी होगी। इसके अलावा एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को भी स्वीकृति मिली।

ग्रामीण पेयजल और निर्माण कार्यों पर अहम निर्णय

कैबिनेट ने वर्ष 2024 की ग्रामीण पेयजल संचालन एवं रखरखाव नीति को अधिक्रमित कर नई उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026 लागू करने की मंजूरी दी।

वहीं, निर्माण कार्यों में रुचि नहीं दिखाने और आवंटित परियोजनाओं को समय पर शुरू नहीं करने के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया।

आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित

राजस्व संग्रह बढ़ाने और अवैध शराब पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। इनमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं। इसके साथ ही विभाग के दो परिक्षेत्रों को बढ़ाकर सात करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने, सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026 और लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई। चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में भी संशोधन किया गया।

कैबिनेट ने उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का सत्रावसान करने की संस्तुति भी दी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपी गई है।

You missed