देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के तहत पेंशनर्स को “वन क्लिक” के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस पहल के तहत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं।

सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और समाज के आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। साथ ही, 59 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों का सर्वे कर उनकी पात्रता से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए और विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र व्यक्तियों को सुविधा मिल सके।