देहरादून। देहरादून के डोईवाला क्षेत्र के फतेहपुर स्थित हिमालयन पब्लिक स्कूल से चार बच्चों के लापता होने की घटना से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को स्कूल बस से घर जाना था, लेकिन वे बस में सवार नहीं हुए।

जब बच्चे निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल प्रशासन से संपर्क करने पर यह पुष्टि हुई कि बच्चे बस में नहीं बैठे थे। इसके बाद परिजनों में चिंता बढ़ गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई। प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी के अनुसार, पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

घटना के छह घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।