देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राजधानी देहरादून की विधानसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के संभावित दावेदारों ने अभी से सक्रियता बढ़ा दी है। शहरभर में पोस्टरवार शुरू हो चुकी है और नेता छोटे-बड़े कार्यक्रमों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर चुनावी माहौल बनाने में जुट गए हैं।

देहरादून महानगर की छह प्रमुख सीटों डोईवाला, कैंट, मसूरी, रायपुर, धर्मपुर और राजपुर में डोईवाला और कैंट सीट सबसे ज्यादा चर्चाओं में हैं। डोईवाला सीट पर भाजपा के कई बड़े नेताओं की नजर है। मौजूदा विधायक बृजमोहन गैरोला के अलावा भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, कर्नल अजय कोठियाल, जितेंद्र नेगी और धीरेन्द्र पंवार के नाम चर्चा में हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा प्रेमचंद अग्रवाल, डॉ. धन सिंह रावत और विदूषी निशंक के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं।

कैंट विधानसभा सीट पर भी दावेदारों की लंबी सूची सामने आ रही है। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, जोगेन्द्र पुंडीर, आदित्य चौहान, राजेश सेठी और अमित कपूर सक्रिय हैं, जबकि मौजूदा विधायक सविता कपूर भी चुनावी तैयारी में जुटी हैं।

कांग्रेस में धर्मपुर सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की संभावित एंट्री ने यहां राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। वहीं कैंट सीट पर लालचंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना और डॉ. जसविंदर गोगी समेत कई नेता दावेदारी कर रहे हैं।