रुद्रप्रयाग। देवभूमि उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अस्पताल का उद्घाटन किया। स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के सहयोग से स्थापित यह अस्पताल उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।

रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्पताल का शुरू होना स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि लगभग 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित यह अस्पताल संभवतः दुनिया का पहला आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल है। 50 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में उच्च ऊंचाई पर होने वाली बीमारियों, ऑक्सीजन की कमी और अत्यधिक ठंड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार की विशेष व्यवस्था की गई है। इससे केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के स्थानीय निवासियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना भी की तथा अस्पताल में उपचार ले रहे श्रद्धालुओं का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत राज्य में अब तक लगभग 61 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं और सरकार प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है।