काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को शराब में जहर देकर मार डाला और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र के ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला निवासी चंद्रवती ने एक मई को आईटीआई थाने में अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी पुत्रवधू गुड्डी पर बेटे को अगवा करने और अनहोनी की आशंका जताई थी।

पुलिस जांच में गुड्डी का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। सर्विलांस के जरिए पता चला कि 25 अप्रैल को वह अपने प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या के साथ घटनास्थल पर मौजूद थी। सख्ती से पूछताछ में गुड्डी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी महिला ने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत उसने प्रेमी से सल्फास और शराब मंगवाई। इसके बाद कुलवंत सिंह को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को कार में ले जाकर एनएच-74 बाईपास पुल से नहर में फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से जसपुर क्षेत्र की गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।